पूर्व पीएम इंदिरा का पत्र शेयर कर विवेक ने ट्वीट किया, राहुल जी, आपकी दादी की राय अलग
नई दिल्ली
कश्मीरी पंडितों के विस्थापन पर बनी फिल्म द कश्मीर फाइल्स को लेकर केरल कांग्रेस के ट्वीट पर घमासान छिड़ गया है। दरअसल कश्मीरी पंडितों के पलायन पर केरल कांग्रेस के फैक्ट चेक वाले ट्वीट के जवाब में द कश्मीर फाइल्स के निदेशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का एक पत्र शेयर किया है। उन्होंने इंदिरा गांधी का पत्र शेयर करते हुए लिखा, प्रिय राहुल गांधी जी, आपकी दादी की राय अलग थी।
इंदिरा गांधी ने यह पत्र 8 जनवरी 1981 को कश्मीरी पंडित निर्मला मित्रा को लिखा था। पत्र में इंदिरा गांधी ने डॉक्टर मित्रा को लिखा कि मैं आपकी चिंता समझ सकती हूं, इसलिए मैं भी दुखी हूं। न ही तुम जो कश्मीर में पैदा हुई और न ही मैं जिसके पूर्वज कश्मीर से आते हैं, जमीन का एक टुकड़ा भी कश्मीर में नहीं खरीद सकते। फिलहाल मामला मेरे हाथ में नहीं है, और मैं अभी इसके लिए कुछ नहीं कर सकती क्योंकि मीडिया में मेरी छवि एक दबंग सत्तावादी के रूप में दिखाई जा रही है।
बता दें विवेक अग्निहोत्री द्वारा पत्र शेयर करने से पहले कांग्रेस की केरल इकाई ने फिल्म से असहमति जताते हुए एक ट्वीट किया था। केरल कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा कश्मीरी पंडितों के बारे में तथ्यरू वह आतंकी ही थे जिन्होंने पंडितों को निशाना बनाया। पिछले 17 सालों (1990-2007) में हुए आतंकी हमलों में 399 पंडित मारे गए हैं। इसी अवधि में आतंकवादियों की ओर से मारे गए मुसलमानों की संख्या 15,000 हैं।
बता दें साल 1989 में कश्मीर घाटी से रातों-रात 4.5 लाख कश्मीरी हिंदुओं को अपना घर बार छोड़कर भागना पड़ा था। जिहादी आतंकियों की ओर से उन्हें दो विकल्प दिए गए थे,पहला विकल्प वे कश्मीर छोड़कर भाग जाएं। दूसरा इस्लाम कबूल कर लें।
