गुरुग्राम में डेढ़ महीने में प्लॉट काटकर बना दीं 50 अवैध कॉलोनी

गुरुग्राम

जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन के सख्ती के बाद भी अवैध कॉलोनियां काटने वाले भूमाफिया सक्रिय हैं। डेढ़ महीने में 100 एकड़ से अधिक जमीन पर 50 अवैध कॉलोनी विकसित कर दी गईं। इसमें संचोली, सिलानी, फर्रुखनगर, सुल्तानपुर, मुबारिकपुर, पचगांव, सोहना, बादशाहपुर का इलाका शामिल है। इसका खुलासा जिला नगर योजनाकार के सर्वे में हुआ है। डीटीपी ने भूमाफिया की पहचान कर ली है। कई ऐसे भूमाफिया हैं, जिनके खिलाफ एफआईआर तक दर्ज हो चुकी है। अब इनके खिलाफ दोबारा से कार्रवाई करने की योजना तैयार कर की गई है। डीटीपी के अनुसार, जिले में अवैध कॉलोनी और भूमाफिया के खिलाफ मुहिम लगातार जारी है। इसको लेकर जनवरी में टीम से सर्वे करवाया गया तो चौकाने वाले खुलासे हुए। इसमें मुबारिकपुर में एक एकड़ पर दो कॉलोनी, फर्रुखनगर में 14.75 एकड़ पर 27 कॉलोनी, संचोली में 5.5 एकड़ पर तीन कॉलोनी, सोहना में पांच एकड़ पर एक कॉलोनी, सिलानी में 14 एकड़ पर तीन कॉलोनी, घमरौज में छह एकड़ पर तीन, भोंडसी में 11.5 एकड़ पर नौ अवैध कॉलोनियां विकसित हुई हैं। जमीन मालिकों से लेकर बेचने वाले प्रॉपर्टी डीलरों की पहचान की गई है। सर्वे रिपोर्ट में इन अवैध कॉलोनी में सड़क बनाई गई हैं। उन सड़कों को दिखाकर लोगों को प्लॉट बेच दिए गए। लोगों ने सौ वर्ग गज से लेकर दो सौ वर्ग गज तक प्लॉट खरीद लिए। कइयों ने तो निर्माण कार्य भी शुरू कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *