नौनिहालों ने रैली निकालकर स्वच्छता को किया जागरूक
विकासनगर। फीडबैक फाउंडेशन के तत्वावधान में सरस्वती शिशु मंदिर चकराता के नौनिहालों ने छावनी बाजार में रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। सोमवार सुबह छावनी बाजार चकराता के चौक बाजार से होते हुए केसरी मार्केट व चुंगी तक किशोरी लाल सरस्वती शिशु मंदिर चकराता के नौनिहालों ने सफाई के प्रति जागरूकता रैली निकाली। हाथों में स्वच्छता से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जागरूक किया। रैली में शामिल नौनिहालों द्वारा ग्रीन सिटी क्लीन सिटी माय ड्रीम सिटी, एक काम रोज करें कूड़ेदान का प्रयोग करें, स्वच्छ चकराता सुंदर चकराता, चकराता की ब्यूटी हम सब की है ड्यूटी आदि नारों के साथ बाजार में रैली निकाली। बैंड बाजे व घोष के साथ निकाली जागरूकता रैली से कूड़े को दो भागों में सूखा और गीला में बांटने का अनुरोध भी किया। रैली में प्रधानाचार्य जयपाल सिंह चौहान, फीडबैक फाउंडेशन से मुनेश यादव, जान्हवी राव, अनीता, गुड्डी देवी, अरुण सिंह, रानी थापा आदि शामिल रहे।
