तहसील दिवस में 112 मामले आए  

ऋषिकेश। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित तहसील दिवस में मंगलवार को 112 फरियादी समस्या लेकर पहुंचे। अकेले जिला समाज कल्याण विभाग के पेंशन से जुड़े 95 मामले आए, इनका मौके पर निस्तारण करने का दावा किया गया। अतिक्रमण, पेयजल, बिजली आदि से जुड़े मामलों को संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए अग्रसारित किया गया है। मंगलवार को तहसील ऋषिकेश में तहसील दिवस जिलाधिकारी देहरादून डा. आर राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुआ। समस्याएं लेकर आए फरियादियों की शिकायतें पंजीकरण काउंटर पर दर्ज की गई। इसके बाद बारी-बारी से जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद मौके पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से सवाल-जवाब किया। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारी को 15 दिन के भीतर समस्या के समाधान का निर्देश दिया। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक चले तहसील दिवस में 112 मामले आए। इसमें सर्वाधिक मामले समाज कल्याण विभाग के रहे। एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के पेंशन संबंधी 95 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जबकि राजस्व, नगर निगम, पुलिस, हाईवे प्रशासन, कृषि विभाग से जुड़े 17 मामलों को संबंधित विभाग को अग्रसारित कर दिया गया है। मौके पर तहसीलदार डा. अमृता शर्मा, नायब तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, सीओ डीसी ढौंडियाल, सीएमएस डा. आरएस राणा, अधिशासी अभियंता ऊर्जा निगम शक्ति प्रसाद, एसडीओ अरविंद नेगी, पशु चिकित्साधिकारी डा. अमित वर्मा, वनक्षेत्राधिकारी ललित मोहन नेगी, एई सिंचाई विभाग अनुभव नौटियाल, पूर्ति निरीक्षक विजय डोभाल, कर अधीक्षक निशात अंसारी, जलकल अभियंता अनिल नेगी, सहायक अभियंता, सहायक अभियंता लोनिवि एलके गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *