राजस्व की हो रही हानि, खनन अधिकारी भी नहीं कर रहे कोई कार्रवाई

सहारनपुर
लाॅकडाउन में खनन माफिया बाज नहीं आ रहे। वह पुलिस की शह पर यमुना की कोख छलनी कर रहे हैं। एक रोज पहले सरसावा थाना पुलिस ने दस्तावेजों में हेराफेरी कर हरियाणा से खनन भेजने वाले एक युवक को गिरफ्तार भी किया था। उधर, चिलकाना पुलिस पर आरोप है कि वह साठगांठ कर रात के अंधेरे में खनन करवा रही है। हालांकि पूर्व में डीआईजी उपेंद्र अग्रवाल ने पेच कसे थे तो हालात सुधर गए थे। लेकिन, एक बार फिर चिलकाना पुलिस की शह पर अवैध खनन किया जा रहा है।
बता दें कि हरियाणा के माफिया ने चिलकाना क्षेत्र में एक किसान के नाम पर पट्टा ले रखा है। उसी की आड़ मेें जमकर खनन करवा रहा है। रात के अंधेरे में यहां से माफिया ट्रकों में अवैध खनिज सामग्री लेजाते हैं। कई ट्रक नानौत क्षेत्र मेें बन रहे हाईवे पर खड़े दिखाई देते हैं। पुलिस इन ट्रकों की चेकिंग तक नहीं करती। इसी तरह सरसावा क्षेत्र में गोरखधंधा चल निकला है। लगातार शिकायत किए जाने पर कल सरसावा पुलिस ने गहराई से जांच की तो पता चला कि शाहजहांपुर चैकी क्षेत्र में यमुना नदी किनारे लकड़ी के खोखे में एक युवक ओवरलोड खनिज के फर्जी दस्तावेज तैयार कर रहा है। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। पकड़े गए युवक विशाल पुत्र प्रदीप ग्राम इस्सापुर कुंटा थाना गंगोह के पास से एक लैपटॉप प्रिंटर आदि बरामद हुआ है। पकड़े गए युवक विशाल ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह लैपटॉप से खनिज सामग्री का वजन बढ़ाकर प्रिंट निकाल कर दे देता था। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी तथा अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर चालान करते हुए जेल भेज दिया। बता दें कि लगातार अवैध खनन किया जा रहा है। जनपद के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र की सीमा पर पुलिस की मिली भगत से जमकर अवैध खनन किया जा रहा है। हरिद्वार के बुग्गावाला के सूखरो नदी से खनन सामग्री भर कर लाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *