संक्रमण को लेकर ठनी, दो गुटों में रोका टोकी पर दो दिन से हो रहा विवाद
मुरैना
माताबसैया थाना क्षेत्र के दतहरा व विसबारी का पुरा गांव के दो पक्षों में संक्रमण को लेकर रोका-टोकी को लेकर ठन गई है। जिस पर बिसवारी का पुरा गांव से निकल रहे एक दतहरा गांव के ग्रामीण की घेर कर मारपीट कर दी गई। दरअसल मामला एक दिन पहले शुरू हुआ जब दतहरा सरपंच ने बिसवारी गांव में संक्रमण होने पर अपने गांव से दो लड़कों को गांव में न आने के लिए कह दिया। इसके बाद रोका टोकी और मारपीट का दौर शुरू हो गया।
जानकारी के मुताबिक दतहरा गांव निवासी कल्ला लहारिया शुक्रवार को बिसवारी पुरा गांव से होकर जा रहा था। उसी समय गांव के दीवान जाटव व बबलू जाटव ने उसे गांव से निकलने पर रोक लिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। बताया जाता है कि कल्ला ने भी बबलू, दीवान और अन्य की मारपीट कर दी। झगड़े का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। दरअसल झगड़ा गांव में घुसने का ही है। एक दिन पहले बबलू व दीवान दतहरा गांव गए हुए थे, तब गांव के सरपंच निरपाल सिंह ने दोनों को गांव में घुसने से यह कहते हुए रोक दिया कि आपके गांव में संक्रमण है, इसलिए आप न आएं, लेकिन जब सरपंच निरपाल सिंह बिसवारी गांव गया तो उसे भी दीवान व बबलू ने रोक दिया। जिस पर सरपंच ने दोनों के साथ धक्का मुक्की कर दी।
