मामूली कहासुनी पर निकल आए चाकू, मचा हड़कंप

बिजनौर

नगर के बाजार कल्लूगंज स्थित सब्जी मंडी में दो फल विक्रेताओं के बीच हुई कहासुनी के दौरान दोनों पक्षों के बीच चाकू निकल आए। इसके चलते खरीददारी कर रहे ग्राहकों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से एक-दूसरे को धमकी देते हुए फरार हो गए।
बाजार कल्लूगंज स्थित सब्जी मंडी में दो फल विक्रेताओं में किसी बात को लेकर आपस में कहासुनी हो गयी। दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज हुई। देखते ही देखते झगड़ा कर रहे दोनों लोगों ने एक दूसरे पर हमला करने के लिए चाकू निकाल लिए। झगड़े में चाकू निकल आने पर मंडी में खरीददारी करने पहुंचे लोगों में हड़कंप मच गया। चाकूबाजी की सूचना पर पुलिसकर्मी व होमगार्ड वहां पहुंचे। जिनके सामने ही आरोपी एक-दूसरे को देख लेने की धमकी देते हुए फरार हो गए। उधर पुलिस ने सब्जी मंडी पहुंचकर कुछ लोगों से मामले की पूछताछ की। इस संबंध में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश गौड़ का कहना है कि झगड़े की सूचना पर उपनिरीक्षक अमित कुमार को मौके पर जाने के निर्देश दिए गए थे। उपनिरीक्षक अमित कुमार का कहना है कि उनके पहुंचने से पहले ही झगड़ा करने वाले मौके से फरार हो चुके थे, जिनकों चिह्नित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *