विद्युत जामवाल के साथ एक्शन थ्रिलर फिल्म आईबी 71 में उत्तराखंड के दिवाकर ध्यानी

 

देहरादून। उत्तराखंड मूल के अभिनेता दिवाकर ध्यानी जल्द ही एक्शन थ्रिलर फिल्म आईबी 71 में विद्युत जामवाल के साथ नजर आएंगे। फिल्म के निर्देशक संकल्प रेड्डी हैं। दिवाकर इस फिल्म में पाकिस्तानी आर्मी मेजर मुस्ताक का किरदार कर रहे हैं। दिवाकर हाल ही में चर्चित वेबसीरीज पंचायत टू में भी प्रभावी किरदार में नजर आ चुके हैं।

दोस्तों के बीच डीडी के नाम से मशहूर 45 वर्षीय दिवाकर ध्यानी का जन्म दिल्ली में हुआ था। लेकिन वे मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी जिले के संदली गांव के रहने वाले हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से वाणिज्य में स्नातक दिवाकर ध्यानी ने 1997 से 1999 तक विज्ञापन एजेंसी मैकेन एरिक्सन में मीडिया ऑपरेशन में रहे। नौकरी पसंद नहीं आने के बाद उन्होंने थिएटर करना शुरू किया। कुछ वर्षों तक अस्मिता ग्रुप में अभिनय सीखने के बाद वह साहित्य कला परिषद (रेपटरी) में शामिल हो गए और एनएसडी के निर्देशकों से अभिनय की बारीकियां समझने लगे। 2004 में मुंबई आने के बाद सरकार, सरकार राज, गो, गेम, लम्हा, कुछ लव जैसा, नानक शाह फकीर, जॉन डे, वन्स अपॉन टाइम इन मुंबई पार्ट 2, वजह तुम हो, तोरबाज़, गुंडे, हेलो जी, खोरशीद (ईरानी), उयारे (मलयालम), वेख बारातन चलियां (पंजाबी) आदि कई फिल्मों में अलग-अलग किरदार किए। फिल्मों और वेब सीरीज में कई किरदार करने के बाद वेब सीरीज अनदेखी वन व टू सीजन में इंस्पेक्टर सुनील डोगरा की भूमिका में लोगों ने उनके अभिनय कौशल की जमकर सराहना की। अमेजॉन प्राइम की धाकड़ वेबसीरीज पंचायत टू में वह बीडीओ सुधीर जायसवाल की प्रभावशाली भूमिका में दिखे हैं। दिवाकर के मुताबिक बहुत कम लोग होते हैं जो अपने सपनों को पूरा करने की हिम्मत रखते हैं। वे खुश हैं कि उन्होंने वही किया जो करना चाहते थे। ओटीटी प्लेटफॉर्म में जहां दर्शकों को कई नई मनोरंजक और यथार्थवादी कहानियां देखने को मिल रही हैं वहीं उन जैसे कलाकारों को भी नया आयाम मिला है, ओटीटी में हर कलाकार स्टार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *