ऐतिहासिक ऊंचाई से गिरा शेयर बाजार, सेंसेक्स 61,716 अंक पर बंद, निफ्टी का ये रहा हाल
नई दिल्ली ।
मुनाफावसूली से शेयर बाजारों में सात कारोबारी सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला मंगलवार को थम गया। बाजार के रिकॉर्ड उच्चस्तर पर होने के बीच निवेशकों ने मुनाफा काटा जिससे सेंसेक्स करीब 50 अंक टूट गया।
सेंसेक्स ऑल टाइम हाई पर, बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 62,245.43 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर तक गया। हालांकि, अंत में यह 49.54 अंक या 0.08 प्रतिशत के नुकसान से 61,716.05 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 58.30 अंक या 0.32 प्रतिशत के नुकसान से 18,418.75 अंक पर आ गया। दिन में कारोबार के दौरान इसने 18,604.45 अंक के अपने रिकॉर्ड स्तर को छुआ।
किस शेयर का क्या हाल, सेंसेक्स की कंपनियों में आईटीसी का शेयर सबसे अधिक छह प्रतिशत टूट गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाइटन, टाटा स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट और पावरग्रिड के शेयर भी नुकसान में रहे। वहीं दूसरी ओर टेक महिंद्रा, एलएंडटी, इन्फोसिस, बजाज फिनसर्व, कोटक बैंक और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में लाभ रहा। इस बीच, अन्य एशियाई बाजारों में हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में रहे। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार भी लाभ में थे।
