बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग मुखर
पिथौरागढ़। नगर में बढ़ती अपराधिक घटनों के बाद बाहरी लोगों के सत्यापन की मांग जोर पकडऩे लगी है। विभिन्न विहिप व बजरंग दल ने प्रशासन से मैदानी क्षेत्रों से सीमांत में बसे हर व्यक्ति का सत्यापन करने को कहा है। साथ ही उन्होंने वोटर लिस्ट और राशन कार्ड की भी जांच की मांग उठाई है।
बुधवार को विश्व हिन्दू परिषद जिलाध्यक्ष जगदीश पांडेय व बजरंग दल जिला संयोजक सोनम पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम आनंद स्वरूप से वार्ता की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा सीमांत में बीते कुछ समय से आपराधिक गतिविधियों में तेजी आई है। विशेषकर महिलाओं के साथ छेडख़ानी और उन्हें बहला फुसलाकर अपना शिकार बनाया जा रहा है। कहा बाहरी क्षेत्रों से लोग कारोबार के लिए यहां पहुंच रहे हैं और उसके बाद इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इससे सीमांत में शांति व्यवस्था बिगड़ गई है, लोगों में दहशत है। कार्यकर्ताओं ने डीएम को ज्ञापन देते हुए बाहर से आए प्रत्येक नागरिक की प्रशासन से सत्यापन की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में कैलाश जोशी, पवन नाथ, विनीत पाठक, बद्री प्रसाद रौतेला, दिनेश वाल्मीकि, ललित पंत, पवन नाथ आदि शामिल रहे।
