श्यामनारायणाचार्य के उत्तराधिकारी बने दिव्यांशाचार्य
हरिद्वार। गोवर्धन पीठाधीश्वर स्वामी गोवर्धन रंगाचार्य महाराज ने कहा कि वैष्णव संतों की गौरवशाली परंपराएं विश्व विख्यात है। कुंभनगरी के संतों ने राष्ट्र को उन्नति की तरफ अग्रसर करने में जो भूमिका निभाई है, वह अकल्पनीय है।
भूपतवाला स्थित आचार्य वेला इंडिया टेंपल में जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी श्यामनारायणाचार्य के शिष्य स्वामी दिव्यांशाचार्य महाराज को वैष्णव संप्रदाय एवं सभी अखाड़ों के संतों की मौजूदगी में पट्टा अभिषेक कर स्वामी श्यामनारायणाचार्य महाराज का उत्तराधिकारी नियुक्त किया गया।
रामानुजाचार्य स्वामी श्यामनारायणाचार्य महाराज ने कहा कि गुरु को सुयोग्य शिष्य मिल जाए तो उसका जीवन सफल हो जाता है। नवनियुक्त उत्तराधिकारी स्वामी दिव्यांशाचार्य महाराज ने कहा कि जो दायित्व उन्हें संत समाज द्वारा सौंपा गया है, उसका वह पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे। बाबा हठयोगी एवं स्वामी ऋषिश्वरानंद महाराज ने कहा कि योग्य गुरु को ही सुयोग्य शिष्य की प्राप्ति होती है। इस दौरान पर महंत अरुण दास, महंत सूरज दास, महंत प्रह्लाद दास, महंत दुर्गादास, महंत शिवानंद, महंत निर्मल दास, स्वामी रविदेव शास्त्री, स्वामी हरिहरानंद समेत अनेक संत मौजूद रहे।
