लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने पर शिक्षक संघ भड़का


विकासनगर। राजकीय शिक्षक संघ की ब्लॉक इकाई की वर्चुअल बैठक में लंबित समस्याओं का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जाहिर की गई। शिक्षकों ने सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करने के लिए चरणबद्ध आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की। शिक्षकों ने 27 सितंबर को काली पट्टी बांधकर काम करने का निर्णय लिया। वर्चुअल बैठक को संबोधित करते हुए राजकीय शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष सुधीर कांति और ब्लॉक मंत्री चंडी प्रसाद नौटियाल ने कहा कि अब शिक्षकों ने आरपार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। 27 सितंबर से चरणबद्ध आंदोलन की शुरुआत की गई। आठ अक्तूबर से तीस अक्तूबर तक ब्लॉक, जिला और प्रदेश स्तर पर रैलियां निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि 27 सितंबर से शुरू होने जा रहे चरणबद्ध आंदोलन के लिए सभी विद्यालयों के शाखा अध्यक्षों को आवश्यक जानकारी दे दी गई है। आठ अक्तूबर को देहरादून में होने वाली रैली की तैयारियां करने को भी कहा गया है। बताया कि 16 अक्तूबर को ब्लॉक मुख्यालय पर धरना दिया जाएगा। आरोप लगाया कि विभागीय अधिकारी लगातार गलत जानकारियां देकर विभागीय मंत्री, सचिव, महानिदेशक समेत आला अफसरों को गुमराह कर रहे हैं। जिसका खामियाजा शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। बैठक में तेजवीर मलिक, किसन दत्त सेमल्टी, मंजू कुकरेती, मनोज कुमार, रेनू तोमर, ओम प्रकाश सिंह, अभिषेक दीक्षित, बुद्धि सिंह चौहान, जय सिंह चौहान, राम आसरे चौहान आदि ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *