कंपनी प्रबंधक पर फायरिंग का आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार
रुडकी
कंपनी प्रबंधक पर फायरिंग के आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर तमंचे के साथ गिरफ्तार किया है। गांव लाठरदेवा हुण की एक कंपनी में 24 अप्रैल को सचिन उर्फ टीनू पुत्र मांगेराम निवासी लाठरदेवा हुण पहुंचा था। आरोप है कि कंपनी में ठेका नहीं मिलने पर कंपनी गेट पर पहुंचा तथा मौजूद गार्ड तथा कर्मचारियों को गाली गलौज कर धमकाने लगा। ठेका नहीं मिलने पर सबक सिखाने की बात कही। गेट पर शोरगुल सुनकर ऑफिस में बैठे कंपनी प्रबंधक ज्ञानेंद्र त्रिपाठी भी बाहर आ गए गेट पर खड़े आरोपी ने प्रबंधक की ओर तीन फायर कर दिए। इसमें वह बाल बाल बच गए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। कंपनी प्रबंधक ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था। थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर प्रबंधक पर फायरिंग के आरोपी सचिन उर्फ टीनू को कोटवाल आलमपुर चौन्दाहेड़ी मार्ग से गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान तलाशी में आरोपी से एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस टीम में उप निरीक्षक लक्ष्मी प्रसाद बिजल्वाण, कांस्टेबल नूर हसन, राजवीर मौजूद थे। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्रबंधक पर फायरिंग करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
