ओपीडी बंद, पोर्टल पर डॉक्टर बताएंगे मरीजों को दवा

मुरादाबाद 

कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप के चलते मंडल स्तर के जिला अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी सेवा बाधित हो गई है। इस स्थिति में मरीजों को बीमारी के इलाज से संबंधित समुचित परामर्श देने के लिए टेलीमेडिसिन सेवा पर विशेष फोकस किया गया है।
इसके नोडल अधिकारी डॉक्टर एसके चौधरी ने बताया कि मरीजों को अपने स्मार्टफोन पर ई संजीवनी ओपीडी एप डाउनलोड करने पर इसका लाभ मिलेगा। एप पर पंजीकरण कराने वाले मरीजों को पोर्टल के माध्यम से चिकित्सा परामर्श मिलेगा। ई संजीवनी ओपीडी एप डाउनलोड करके जो मरीज इसमें खुद को पंजीकृत कराएंगे उनका नंबर आने पर डॉक्टर उन्हें फोन करके समस्या पूछेंगे और फिर दवा के साथ जरूरी परामर्श देंगे। पोर्टल पर स्क्रीन पर ही डॉक्टर मरीज का पर्चा बनाएंगे जिस पर उसके इलाज से संबंधित दवा व जरूरी सलाह लिखेंगे। पोर्टल के माध्यम से मरीजों को निशुल्क परामर्श देने के लिए जिला अस्पताल में डॉ.अमरेंद्र प्रताप सिंह और डॉ.राशि मौर्य सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक ड्यूटी पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान मरीज एप के माध्यम से निशुल्क चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *