नड्डा का दावा, मोदी के नेतृत्व में भाजपा सभी राज्यों में बनाएगी सरकार


नई दिल्ली

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा ‎किया है ‎कि भाजपा देश के सभी राज्यों में अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने देश के पांच राज्यों -मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव आयोग द्वारा विधान सभा चुनाव की तारीखों के ऐलान का स्वागत करते हुए यह दावा किया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सभी राज्यों में सरकार बनाएगी। चुनाव आयोग द्वारा विधान सभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद नड्डा ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा ‎कि चुनाव आयोग द्वारा विधानसभा चुनावों की घोषणा का स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा भारी बहुमत से सभी राज्यों में सरकार बनाएगी और आगामी 5 वर्षों के लिए जन आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कटिबद्ध भाव से काम करेगी। गौरतलब है कि सोमवार को चुनाव आयोग ने देश के पांच राज्यों – मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में विधान सभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। पांचों राज्यों के चुनावी नतीजे एक ही दिन 3 दिसंबर को आएंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दिल्ली में चुनाव की तारीखों को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि मिजोरम में राज्य के विधान सभा चुनाव के लिए 7 नवंबर, मध्य प्रदेश में विधान सभा के चुनाव के लिए 17 नवंबर, राजस्थान में विधान सभा चुनाव के लिए 23 नवंबर और तेलंगाना में विधान सभा चुनाव के लिए 30 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा। वहीं छत्तीसगढ़ में विधान सभा चुनाव के लिए दो चरणों में 7 नवंबर को 20 सीटों पर और 17 नवंबर को बाकी बची 70 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। चुनाव आयोग ने कहा है ‎कि पांचों राज्यों में एक ही दिन 3 दिसंबर को मतगणना की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *