न वैक्सीन मिली न गाइडलाइन, कैसे होगा आज से 18 पार वालों का वैक्सीनेशन?
बिजनौर
न तो वैक्सीन ही मिली और न ही कोई गाइडलाइन, इसके चलते सरकार की ओर से 1 मई (आज से) होने वाले 18 साल से पार वालों के कोविड टीकाकरण का शुभारंभ होने के जिले में दोपहर तक भी कोई आसार नहीं नजर आए।
गौरतलब है, कि सरकार ने 1 मई से देश भर में 18 वर्ष से ऊपर के सभी के लिए कोविड टीकाकरण अभियान का तीसरा चरण शुरू किए जाने का ऐलान किया था। विभागीय सूत्रों के अनुसार शुक्रवार की सुबह तक कोविशील्ड व कोवेक्सीन दोनों को मिलाकर करीब 10 हजार वैक्सीन की डोज शेष थी। इनसे जिले भर में शुक्रवार को लगे टीकाकरण सत्रों का ही काम चल सकता था। अगले दिन के लिए अभियान चलाने को न तो वैक्सीन आई थी और न ही कोई गाइडलाइन प्राप्त हुई थी। उधर ऐसे लोगों की संख्या काफी रही जो ऐप पर रजिस्ट्रेशन के लिए दिमाग खपाते रहे, लेकिन टीकाकरण स्थल के ऑप्शन में प्राइवेट अथवा सरकारी भरा ही नहीं जा रहा था। इस बारे में लोग पता भी करते रहे। शाम तक भी स्थिति स्पष्ट नहीं थी। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. अशोक कुमार ने बताया, कि यह सही है, कि अभी न तो वैक्सीन ही प्राप्त हुई है और न ही गाइडलाइन मिली है। शुक्रवार को ही किसी समय होने वाली वीडियो कांफ्रेन्सिंग में शासन से दिशा निर्देश मिलने की उम्मीद है।
