मैनाठेर में बवाल की सूचना पर पहुंची पुलिस से हाथापाई, छह गिरफ्तार
मुरादाबाद
रविवार को मैनाठेर थाना क्षेत्र में चुनावी रंजिश को लेकर दो पक्ष आपस में टकरा गए। दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने के साथ ही पत्थरबाजी भी हुई। सूचना पाकर थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो हमलावर पुलिस से भी भिड़ गए। पुलिस कर्मियों के साथ भी हाथापाई की। इससे पुलिस कर्मियों की वर्दी भी फट गई। दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग भी की गई। थाने से पहुंचे अतिरिक्त फोर्स ने हल्का बल प्रयोग करके हालात काबू में किए। दोनों पक्षों पर संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया। सभी का चालान कर दिया गया।
पंचायत चुनाव में चंद घंटे शेष रह गए हैं। हर प्रत्याशी वोटरों को लुभाने के लिए हर हरथंडे इस्तेमाल कर रहा है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के मसेवी गांव में भी दो पक्ष आपस में भिड़ गए। कारण एक पक्ष द्वारा दूसरे के समर्थक के साथ मारपीट करना था। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद काफी बढ़ गया। दोनों तरफ के समर्थक भी आमने सामने आ गए। लाठी-डंडे चलने के साथ ही पथराव शुरू हो गया। सूचना पाकर दरोगा मुकेश राजौरा फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आपस में झगड़ रहे लोगों को समझाने का प्रयास किया तो दोनों ही पक्षों के लोग पुलिस से भिड़ गए। पहले गाली-गलौज शुरू की इसके बाद वर्दीधारियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी।
दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग भी की गई। एसआई मुकेश राजौरा की सूचना पर इंस्पेक्टर रामवीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हल्का बल प्रयोग करके बवालियों को खदेड़कर हालात सामान्य किए। पुलिस ने मौके से तैय्यब हुसैन पुत्र रहमतुल्ला, बाबू पुत्र नवाबजान, इबरान पुत्र नवीशेर, आसिम पुत्र साबिर, मुकम्मिल पुत्र जमील उर्फ कल्लू व जहाँखान पुत्र छिद्दा निवासीगण ग्राम मसेवी रसूलपुर थाना मैनाठेर को गिरफ्तार किया गया। इंस्पेक्टर मैनाठेर रामवीर सिंह ने बताया कि हमलावरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। फरार हमलावरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही सभी को पकड़कर जेल भेजा जाएगा।
