आरटीई के तहत कल से किए जा सकेंगे आवेदन
विकासनगर। शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत निजी शिक्षण संस्थानों में होने वाले प्रवेश के लिए 21 मार्च (सोमवार) से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हुई होगी। ब्लॉक संसाधन केंद्र में आवेदन जमा करने के लिए शनिवार को काउंटर तैयार कर लिया गया है। नौनिहालों के दस्तावेज आवेदन पत्र की छाया प्रति के साथ सोमवार से ही जमा होंगे। उप शिक्षाधिकारी ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया 11 अप्रैल तक जारी रहेगी। जबकि 18 अप्रैल तक आवेदन पत्रों की जांच की जाएगी।
शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी शिक्षण संस्थानों में अपवंचित वर्ग के नौनिहालों के लिए 25 प्रतिशत प्रवेश दिए जाने का प्रावधान है। इसके तहत शिक्षा विभाग प्रत्येक शिक्षा सत्र में प्रवेश कराता है। विकासनगर ब्लॉक के छोटे-बड़े करीब नब्बे निजी शिक्षण संस्थानों में हर साल एक हजार से अधिक आवेदन करते हैं। गत वर्ष करीब 12 सौ नौनिहालों ने आवेदन किया था, जिनमें से लॉटरी के माध्यम से एक हजार नौनिहालों को प्रवेश मिला। उप शिक्षाधिकारी हिमांशु कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शिक्षा सत्र 2022-23 में भी बड़ी संख्या में आवेदन आने की संभावना है, जिनमें से करीब एक हजार से अधिक सीटों पर प्रवेश दिए जाएंगे। बताया कि ब्लॉक संसाधन केंद्र में आवेदन और अन्य जरूरी दस्तावेज जमा करने के लिए काउंटर लगा दिया गया है। आवेदन पत्र के साथ प्रवेश पाने वाले बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र, अभिभावक का जाति, आय प्रमाण पत्र के साथ ही स्थानीय पते के सत्यापन के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, बिजली, पानी के बिल में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत करना जरूरी है।
