चंद्रबनी क्षेत्र में गहराया पेयजल का संकट

विकासनगर। गर्मी का मौसम अभी पूरी तरह से शुरू नहीं हो पाया। लेकिन सहसपुर विधानसभा क्षेत्र के चंद्रबनी और उसके आसपास के गांवों में पेयजल का संकट गहरा गया है। चंद्रबनी क्षेत्र के पार्षद ने कहा कि कई बार जल निगम के अधिकारियों के चक्कर काटने के बावजूद पेयजल संकट का समाधान नहीं हो पाया। जिसके चलते सोमवार को जल निगम कार्यालय का घेराव किया जाएगा। चंद्रबनी क्षेत्र के पार्षद सुखबीर सिंह बुटोला ने बताया कि चंद्रबनी क्षेत्र के अंतर्गत धारावाली, गोल मार्केट, पित्थूवाला खुर्द, कैलाशपुर आदि क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पेयजल संकट गहराता जा रहा है। अब जबकि गर्मी शुरू हो चुकी हैं और क्षेत्र में लगातार पेयजल का संकट बढ़ता जा रहा है, लेकिन जल निगम के अधिकारी समस्या का समाधान करने को तैयार नहीं हैं। पार्षद बुटोला ने कहा कि कई बार जल निगम के अधिकारियों को लिखित व मौखिम रूप से पेयजल संकट के बारे में जानकारी देकर समस्या के समाधान की मांग की गयी है, लेकिन समस्या का समाधान न होने से क्षेत्र की जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। कई गांवों में पेयजल लाइनें तक नहीं बिछाई गयी है। कहा कि जैसे-जैसे गर्मियां बढ़ रही है पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। जिससे आने वाले दिनों में लोगों को बड़ी दिक्कत आ सकती है। कहा कि ऐसे में आक्रोशित ग्रामीण अब सोमवार को जल निगम कार्यालय पहुंचकर घेराव करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *