पछुवादून में 467 छात्र-छात्राओं ने दी राजीव गांधी नवोदय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा

 

विकासनगर। राजीव नवोदय विद्यालय की छठी कक्षा में प्रवेश के लिए पछुवादून में परीक्षा संपन्न कराई गई। शिक्षा विभाग की ओर से पछुवादून के चारों ब्लॉक में चार परीक्षा केंद्र बनाए थे। रविवार को कुल 528 छात्र-छात्राओं को परीक्षा देनी थी, लेकिन रविवार को इनमें से 467 छात्र-छात्राएं ही परीक्षा में शामिल हुए। 61 छात्र परीक्षा से अनुपस्थित रहे। रविवार को पछुवादून के चारों परीक्षा केंद्रों पर 88.44 फीसद छात्र-छात्राओं ने ही प्रवेश परीक्षा में हिस्सा लिया। सभी परीक्षा केंद्रों पर कोविड नियमों का पालन किया गया। सुबह 11 बजे से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थियों को दस बजे ही परीक्षा केंद्र पर बुला लिया गया था। प्रत्येक छात्र का तापमान नापने के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। दो घंटे तक चली परीक्षा के दौरान संबंधित अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। परीक्षा के लिए कैंट इंटर कॉलेज चकराता, राजकीय इंटर कॉलेज कालसी, राजकीय इंटर कॉलेज हरबर्टपुर और राजकीय इंटर कॉलेज सेलाकुई को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। प्रवेश परीक्षा के तहत चकराता ब्लॉक के कुल पंजीकृत 161 छात्र-छात्राओं में से 141, कालसी ब्लॉक में पंजीकृत 96 में से 84 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि विकासनगर ब्लॉक के पंजीकृत 216 में 193 और सहसपुर ब्लॉक के पंजीकृत 55 में 49 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए।

परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों के लिए कोविड नियमों के तहत बैठने की व्यवस्था की गई थी। दो परीक्षार्थियों के बीच पर्याप्त दूरी रखने के साथ ही परीक्षा केंद्र को सेनेटाइज किया गया। इसके साथ ही प्रत्येक कक्ष में सेनेटाइर की व्यवस्था की गई। – वीपी सिंह, खंड शिक्षाधिकारी विकासनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *