साहिया में लगने वाले शहीद मेले की तैयारियां जोरों पर
विकासनगर। जौनसार के सौ गांवों के केंद्र बिंदु साहिया में शिवरात्रि से शुरू होने वाले चार दिवसीय शहीद मेले की तैयारियां इन दिनों जोरों से चल रही है। कृषि उत्पादन मंडी समिति के परिसर में लगने वाले मेले के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ ही व्यापारी भी अपनी ओर से तैयारियां कर रहे हैं।
जौनसार बावर स्वतंत्रता संग्राम सैनानी मेला एवं सांस्कृतिक समिति की ओर से हर साल शिवरात्रि पर साहिया में शहीद मेला आयोजित किया जाता है। कोविड संक्रमण के चलते पिछले दो साल से मेले का आयोजन नहीं हो रहा था। इस बार मेला लगने से स्थानीय व्यापारियों में खुशी की लहर है। इसके साथ ही इन दिनों बाहर से आने वाले व्यापारी भी यहां अपनी दुकानें सजाने लगे हैं। मेला समिति के अध्यक्ष हुकम सिंह बिष्ट ने बताया कि इस बार मेले में स्वतंत्रता सैनानियों के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
