तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत

रुड़की

बैंड बाजे वालों के साथ मजदूरी पर गए एक युवा और एक किशोर की तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। नगर के अलग-अलग मोहल्लों के रहने वाले एक युवक तथा एक किशोर शनिवार रात बैंड बाजे वालों के साथ मजदूरी करने के लिए कोतवाली क्षेत्र के गांव लिब्बाहरेहडी गए थे। बैंड संचालक द्वारा उन्हें बारात में छतरी पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई थी।

बताया गया है की बारात की तैयारी चल रही थी। बैंड बाजे वाले भी तैयारी कर रहे थे। हाईवे के किनारे दोनों छतरी पकड़े खड़े हुए थे। तभी रुड़की की ओर से आ रहें एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के संबंध में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दोनों घायलों को रुड़की के सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां पर चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों घायलों की पहचान नहीं हो पा रही थी, लेकिन इतना पता था कि वह मंगलौर के रहने वाले हैं। व्हाट्सएप ग्रुप में दोनों के फोटो वायरल हुए तो कुछ ही देर में दोनों की शिनाख्त हो गई।

सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे उनके द्वारा दोनों को पहचान लिया गया। रविवार की सुबह पुलिस मौके पर पहुंची तथा पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गये। मृतकों के नाम शाहवेज पुत्र वाजिद कुरैशी 22 वर्ष निवासी मोहल्ला किला तथा आसियान अहमद पुत्र रियासत अली निवासी मोहल्ला हल्का मजबता 15 वर्ष मंगलौर बताए गए हैं।

दोनों के घरों पर लोगों का तांता लगा हुआ है। पूर्व विधायक काजी निजामुद्दीन अपने अन्य साथियों के साथ मृतकों के परिजनों के पास पहुंचे तथा उन्हें दिलासा दिया। इसके साथ ही बसपा नेता उबैदुर रहमान उर्फ मोंटी तथा उनके अन्य साथियों ने भी मृतकों के परिवारों के पास पहुंचकर घटना पर शोक संवेदना प्रकट की। इंस्पेक्टर अमरचंद शर्मा ने बताया कि इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आरोपी वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *