उच्चशिक्षा मंत्री ने किया वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से 29 नए सहकारिता बैंकों का लोकार्पण

 

पौड़ी। उच्च शिक्षा मंत्री डा.धन सिंह रावत ने एनआईसी कक्ष पौड़ी से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 29 नए सहकारिता बैंकों व हल्द्वानी डाटा सेंटर का लोकार्पण किया। कहा कि लोगों को पहले दूर-दूर बैंकों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब राज्य सरकार ने शहर क्षेत्रों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी बैंक स्थापित किए हैं। बैंकों के साथ-साथ एटीएम मशीन भी लगाए जा रहे हैं। जिससे लोगों को बैंकों के चक्कर कम से कम काटने पड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार ने विकास कार्यों में कोई कसर नहीं छोड़ी है। कहा कि स्वरोजगार अपनाने वाले किसानों को बैंक के माध्यम से कम प्रतिशत पर ऋण दिया जा रहा है। जिससे वह समय पर स्वरोजगार कर सकेंगे। शनिवार को एनआईसी कक्ष से वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा जिले में 2 शाखा, बागेश्वर 2, नैनीताल 4 ऊधम सिंह नगर 5, पौड़ी 1, चमोली 2, टिहरी 4, पिथौरागढ़ 4 व देहरादून के 4 बैंक शाखाओं का लोकार्पण किया। इस दौरान डा.धन सिंह ने कहा कि 5 वर्षों में सहकारिता के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। पिछले 2 महीने में 80 नई शाखा का शुभारंभ किया गया है। कहा कि वर्तमान में राज्य सरकार ने 100 से अधिक नई शाखाओं का संचालन शुरू किया गया है। कहा कि सीएम कचहरी कल्याण योजना का पूरे प्रदेश में अच्छा परिणाम मिल रहा है। कहा कि इस तरह के विकास कार्यों से उत्तराखंड राज्य नेशनल बैंकों की प्रतिस्पर्धा में शामिल हो जायेगा। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष यशपाल बेनाम, अध्यक्ष राज्य मत्स्य सहकारी संघ अशोक वर्मा, राज्य सहकारी बैंक के प्रबंध ईरा उप्रेती, प्रबंध निदेशक यूपीएफ मंगला त्रिपाठी आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *