मतदाताओं को बूथों की जानकारी देने पर दिया जोर

पौड़ी। विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी डा. विजय कुमार जोगदंडे ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बूथों का परिवर्तन, चुनाव सामग्री दर के संबंध में बैठक की। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि 1250 से अधिक वोटर वाले बूथों में से 50 फीसदी मतदाताओं को दूसरे बूथों में शिफ्ट किया गया है। जिससे लोगों को मतदान हेतु परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने राजनैतिक पार्टी के प्रतिनिधियों को कहा कि अपनी ओर से भी मतदाताओं को बूथों की जानकारी देने के लिए जागरूक करें। जिससे उन्हें अपने-अपने बूथों की जानकारी मिल सकेगी। उन्होंने चुनाव सामग्री पर चर्चा करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा प्रति उम्मीदवार के लिए 30 लाख 80 हजार तक की धनराशि व्यय करने का प्रावधान किया गया है। इससे ज्यादा प्रत्याशी खर्च नहीं कर सकता है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को जानकारी देते हुए कहा कि जनपद में 5 बूथों का परिवर्तन किया गया है। कहा कि चौबट्टाखाल के प्राथमिक विद्यालय खालयूंडांडा पोलिंग बूथ में पेड़ गिरने से उच्चतर माध्यमिक खालयूंडांडा शिफ्ट किया गया है। लैंसडौन के जीजीआईसी लैंसडाउन बूथ को परिसर में ही दूसरे जगह शिफ्ट, कोटद्वार के पदमपुर पंचायत भवन में बूथ को 100 मीटर दूर स्थित बनाया गया है। इसके साथ ही गुरु राम रॉय पब्लिक स्कूल पदमपुर कोटद्वार, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कलालघाटी पोलिंग बूथ में 1250 से अधिक मतदाता होने के चलते परिसर में ही दूसरे कक्षों में 50 फीसदी मतदाता शिफ्ट किए गए हैं। कहा कि जो मतदाता शिफ्ट किये गए हैं उनकी सूची भी तैयार की गई है। कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद कोई भी राजनैतिक दल सरकारी संपत्ति पर चुनाव संबंधी सामग्री नहीं लगा सकता है। उन्होंने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को कहा कि निजी संपत्ति पर चुनाव सामग्री लगानी हेतु संबंधित मालिक से सहमति लेना जरूरी है।
बैठक में मुख्य कोषाधिकारी गिरीश चंद्रा, सहायक निर्वाचन अधिकारी विजय तिवारी, राजनैतिक पार्टी से ओमप्रकाश जुगराण, राजेंद्र सिंह रावत, त्रिलोक सिंह रावत, अनिल कुमार आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *