मुलायम ने केन्द्रीय उर्वरक मंत्री को लिखा पत्र

लखनऊ

प्रदेश में खाद संकट को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। उर्वरक की कमी और किसानों की परेशानी को लेकर एक तरफ जहां सपा संरक्षक और मैनपुरी के सांसद मुलायम सिंह यादव ने केन्द्रीय उर्वरक मंत्री मनसुख राम मांडविया को पत्र लिखा है वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि खाद को लेकर प्रदेश में हाहाकार है। किसान परेशान हैं। खाद के  लिए किसान रात से लाइन लगा रहे हंै। किसान मारा-मारा फिर रहा है लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। सपा संरक्षक ने उर्वरक मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि खाद संकट ने किसानों के सामने भयंकर कठिनाई पैदा कर दी है। मैनपुरी समेत पूरे प्रदेश में खाद की जबरदस्त कमी है। आलू और सरसों की फसल के लिए किसानों को डीएपी और एनपीके खाद नहीं मिल रही है। यादव ने उवर्रक मंत्री को लिखे पत्र में कहा कि मैनपुरी के आलू और सरसों की बुआई के लिए किसानों को दो रैक डीएपी और एनपीके उपलब्ध करायी जाये। इस बीच यहां जारी एक बयान में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने खाद की किल्लत और धान खरीद को लेकर सरकार पर निशाना साधा। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को तबाह करने पर अमादा है। खाद के लिए किसान घंटों नहीं, कई-कई दिन लाइन लगाने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें खाद नहीं मिल रही है। प्रदेश में उर्वरक की भारी कमी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *