मोटर मार्ग सुधारीकरण को आज से धरना प्रदर्शन करेंगे ग्रामीण
विकासनगर। लंबे समय से दांवापुल-खारसी मोटर मार्ग के सुधारीकरण की मांग कर रहे खत द्वार और खत बिशलाड़ के ग्रामीणों का सब्र का बांध फूट पड़ा। मार्ग सुधारीकरण नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने सोमवार (आज) से चकराता स्थित लोक निर्माण विभाग कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है।
द्वार खत के सदर स्याणा रजनीश सिंह नेगी, पूर्व प्रधान सुरेश थपलियाल, युवा संगठन के अध्यक्ष राकेश भट्ट, जिला पंचायत सदस्य मीरा जोशी ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा तीस साल पूर्व 16 किमी लंबे दांवापुल-खारसी मोटर मार्ग का निर्माण किया गया था। निर्माण काल से अभी तक मार्ग पर सुधारीकरण कार्य नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि मोटर मार्ग से दोनों खतों के मिंडाल, खनाड़, सिचाड़, कुराड़, बनियाना, मंझगांव, समोग, थणता, जोगियो, बैरावा आदि एक दर्जन गांवों की करीब पांच हजार की आबादी जुड़ी है। कहा कि मोटर मार्ग इतना ऊबड़-खाबड़ की कई लोग दुर्घटना का शिकार होकर अपनी जान गंवा चुके हैं। बताया कि बीते जून माह में भी लोनिवि कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया गया था, तब दो माह में मोटर मार्ग के सुधारीकरण के लिए निविदा प्रक्रिया शुरु करने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अभी तक निविदा प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है। लिहाजा, सोमवार से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
