पछुवादून में पंडित गोविंद बल्लभ पंत को किया नमन
विकासनगर। उत्तर प्रदेश (तत्कालीन संयुक्त प्रांत) के प्रथम मुख्यमंत्री भारत रत्न पंडित गोविंद बल्लभ पंत को उनकी जयंती पर पछुवादून में याद किया गया। पछुवादून विकास मंच की ओर से हरबर्टपुर में उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए। मंच संयोजक अतुल शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता सैनानी के तौर पर गोविंद बल्लभ पंत जी को सदैव याद किया जाता रहेगा। अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ते हुए अनेकों बार जेल गए। वो उच्च कोटि के वक्ता एवं कुशल प्रशासक थे। महात्मा गांधी के नेतृत्व में कई आंदोलन की उन्होंने अगुवाई की। आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के निर्माण की नींव रखने वाले पंडित गोविंद बल्लभ पंत उराखंड के अल्मोड़ा जनपद के मूल निवासी थे। कहा कि आज वो हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आदर्श, कार्य, सिद्धांत हमें सदा उनकी याद दिलाते रहेंगे। वर्तमान दौर के नेताओं को ऐसे महान राजनीतज्ञों से सीख लेने की आवश्यकता है। इस अवसर पर मंच के आलोक खंक्रियाल, आमोद शर्मा, मुकेश राज शर्मा, संजीव गुप्ता, नवीन कुमार, राकेश कश्यप, मोहन खत्री, अमन बिजल्वाण, सुधीर कुमार, उपेंद्र कुमार, वीर सिंह राणा आदि मौजूद रहे। दूसरी ओर अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज बरोटीवाला में शिक्षकों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत के चित्र पर पुष्प अर्पित उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कांग्रेस को याद नहीं रही जयंती: हर छोटे-बड़े नेताओं का जन्मदिन और जयंती मानने के लिए ऐतिहासिक तिलक भवन में इकठ्ठा होने वाले शहर, ब्लॉक, जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री एवं भारत रत्न से सम्मानित पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती याद ही नहीं रही। रविवार को कांग्रेस कार्यालय तिलक भवन में सन्नाटा पसरा रहा। उधर, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कितेश जायसवाल ने बताया कि कांग्रेसी अपने महान नेताओं को हमेशा सम्मान देते हैं। इस बार शहर से बाहर होने के कारण कार्यक्रम आयोजित नहीं कर पाए।
