बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को डेंगू को लेकर जागरूक किया


रुड़की। बाढ़ के बाद स्वास्थ्य विभाग को अब बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में डेंगू फैलने का खतरा सता रहा है। इसे रोकने के लिए विभाग ने अभियान शुरू कर दिया है। पहले दिन एसडीएम व एसीएमओ की अगुवाई में लक्सर तहसील परिसर व केशवनगर में साफ, सफाई के अलावा लोगों को इससे बचाव के तरीके बताए गए।
इसी महीने सोलानी नदी का तटबंध टूटने पर आई बाढ़ से लक्सर क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। नगर के अलावा देहात के 30 से ज्यादा गांवों की आबादी में कई दिन तक पानी भरा रहा। पानी उतरने के बाद अब स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में डेंगू फैलने की आशंका लग रही है। इससे बचने के लिए विभाग डेंगू बचाओ अभियान चला रहा है। रविवार को एसडीएम गोपाल राम बिनवाल व एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा ने तहसील परिसर से इस अभियान की शुरुआत की। एसडीएम बिनवाल ने कहा कि डेंगू एक खास मच्छर से फैलता है। इसी मौसम में नाले, नालियों में तथा घर के भीतर या आसपास रखे पुराने बेकार बर्तनों में बारिश का पानी रुक जाता है। इसी पानी में यह मच्छर पैदा होता है। उन्होंने कहीं भी पानी को जमा न होने देने की अपील की। एसीएमओ ने बताया कि डेंगू एक तरह का बुखार है। सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर इसकी निशुल्क जांच की सुविधा है। डेंगू पॉजिटिव मरीज केंद्र से दवा भी मुफ्त ले सकते हैं। बताया कि डेंगू के मरीजों को भर्ती करने के लिए अलग डेंगू वार्ड बनाए गए हैं। इसके बाद उन्होंने कर्मचारियों के साथ तहसील परिसर व केशवनगर मोहल्ले में घूमकर साफ सफाई की। साथ ही लोगों को डेंगू से बचने के तरीके भी बताए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *