पंजिया-सकनी मोटर मार्ग पर डेढ़ माह से आवाजाही ठप

विकासनगर। कालसी ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत कोठा बैंड से बने पंजिया-सकनी मोटर मार्ग पर डेढ़ माह से आवाजाही ठप पड़ी हुई है। इस मार्ग पर पंजिया और सकनी के बीच भारी बारिश के चलते मलबा आने से बंद हो गया था। अभी तक लोक निर्माण विभाग की ओर से मलबा नहीं हटाया गया है, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण बलवीर सिंह भंडारी, महेंद्र सिंह चौहान, टीकम सिंह चौहान ने बताया कि सत्रह किमी लंबे इस मोटर मार्ग का निर्माण पिछले पांच साल से किया जा रहा है। लेकिन अभी तक प्रथम चरण का कार्य ही पूरा हुआ है। दूसरे चरण का कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। डेढ़ माह पूर्व इस मार्ग पर पंजिया से सकनी के बीच मलबा आ गया था, जिसे अभी तक हटाया नहीं गया है। बीते 26 अगस्त को अधीक्षण अभियंता ने मार्ग का निरीक्षण कर मलबा हटाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके लोनिवि के स्थानीय अधिकारी मार्ग से मलबा हटाने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। मोटर मार्ग के डेढ़ माह से बंद होने के कारण ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगदी फसलें मंडी तक पहुंचाने में भी परेशानी आ रही है। ग्रामीणों ने मार्ग पर जल्द यातायात सुचारु करने की मांग की है। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेंद्र कुमार टम्टा ने बताया कि सड़क सुधारीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। बजट स्वीकृत होते ही सुधारीकरण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *