बीडीसी बैठक में छाए बिजली, पानी, सड़क के मुद्दे
पिथौरागढ़। विकासखंड सभागार में हुई बीडीसी बैठक में बिजली, पानी, सड़क के मुद्दे छाए रहे। बढ़ी संख्या में जनप्रतिनिधि क्षेत्र की समस्याओं को लेकर बैठक में पहुंचे। अधिकारियों ने उनकी समस्याएं सुनीं और उनके जल्द समाधान का भरोसा दिया।सोमवार को विकासखंड सभागार में ब्लॉक प्रमुख अर्चना गंगोला की अध्यक्षता में बीडीसी बैठक हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। रौतेड़ा के प्रधान पूरन सिंह, पाली पलियाल के गणेश सिंह ने क्षेत्र में पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। इसके अलावा जनप्रतिनधियों ने क्षेत्र में बदहाल सड़कों का मामला उठाया। बैठक में शामिल डीडीओ रमा गोस्वामी ने उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। बैठक में ज्येष्ठ उप प्रमुख जगत सिंह, ग्राम प्रधान संगठन के अध्यक्ष मुकेश जोशी, डीपीआरओ हरीश चंद्र आर्या, बीडीओ नवीन चंद्र तिवारी सहित उद्यान, पशुपालन, कृषि, युवा कल्याण, स्वास्थ्य, यूपीसीएल, जल निगम, जल संस्थान व अन्य विभागों के अधिकारी शामिल रहे।
