घर में घुसी मॉनिटर लिजर्ड को रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा
विकासनगर। विकासनगर से सटे तेलपुर के एक घर में बुधवार को मॉनिटर लिजर्ड (बड़ी छिपकली) के घुसने से हड़कंप मच गया। छिपकली के घर में आते ही परिवार के लोग बाहर दौड़ पड़े। कुछ देर बाद छिपकली भी घर से बाहर आंगन में आ गई। इससे पूरे गांव में सनसनी फैल गई। बाद में वन विभाग की टीम ने रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा। जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर के समय तेलपुर के मकान में बड़ी छिपकली घुस आई। काफी लंबी और बड़ी छिपकली को देखकर लोग डर गए। जब तक उसे काबू नहीं किया गया, तब तक आसपास के लोग भी इसी डर में रहे कि कहीं यह बड़ी छिपकली उनके घर न पहुंच जाए। उसके पकड़े जाने पर लोगों ने राहत की सांस ली। छिपकली का रेस्क्यू करने आए चौहड़पुर रेंज के आदिल मिर्जा ने बताया कि छिपकली घर में पानी और खाने की तलाश में घूमती रही और बाद में आंगन की नाली में छिप गई। काफी मशक्कत के बाद फिर मिली तो उसे बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि लोग इसे देखकर भयभीत हो जाते हैं, लेकिन यह हानि पहुंचाने वाला जीव नहीं होती। इसमें जहर नहीं होता है। कहा ऐसा जीव अगर घर में घुस आए तो घबराने की जरूरत नहीं है। इसे खुद भी घर से बाहर निकाल सकते हैं। अक्सर तपती गर्मी में राहत पाने के लिए ठंडी जगह की तलाश में ऐसे जानवर घरों में घुस आते हैं। कुछ लोग भय के कारण इन्हें जान से मार देते हैं। यह कानूनी अपराध है। बताया कि रेस्क्यू करके मॉनिटर लिजर्ड को जंगल में छोड़ दिया गया है।
