कीचड़ से भरी सड़क से गुजरने को मजबूर श्रमिक
विकासनगर। नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले श्रमिकों को कीचड़ से भरे मार्ग से गुजरना पड़ रहा है। यहां वार्ड एक में लोक निर्माण विभाग की सड़क का सुधारीकरण नहीं किए जाने और सड़क किनारे नाली निर्माण नहीं होने से बारिश के पानी से कीचड़ फैल जाता है।
लोक निर्माण विभाग की इस सड़क का सुधारीकरण करने की मांग कई बार की चुकी है। बावजूद इसके इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अमित पंवार, विकास कुमार, प्रदीप जोशी, राजेश बाबा, मनोज गुसाईं, अमित नेगी, पवन कुमा, रवि, विनोद कुमार ने बताया कि सड़क का हाल इतना बुरा है कि ऑटो रिक्शा चालकों ने यहां से गुजरना बंद कर दिया है। कीचड़ और पानी भरने से दुपहिया वाहन भी नहीं चलते हैं। कहा कि सिर्फ बरसात में ही कीचड़ नहीं भरता है, बल्कि पूरे साल भर सड़क का हाल यही रहता है। लोनिवि की ओर से सड़क का सुधारीकरण और नाली निर्माण नहीं किया जा रहा है, जिसका खामियाजा स्थानीय बाशिंदों और श्रमिकों को भुगतना पड़ रहा है। कार्य स्थल पर जाने तक श्रमिकों के कपड़े कीचड़ से सने होते हैं। स्थानीय बाशिंदों ने कहा कि सड़क का सुधारीकरण जल्द किया जाना चाहिए। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राजेश कुमार ने बताया कि सड़क सुधारीकरण के लिए प्राकलन तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।
