बिजली योजनाओं के लिए समय पर बनाई जाएं बिजली लाइनें


देहरादून। जल विद्युत परियोजनाओं से पैदा होने वाली बिजली का उत्पादन बर्बाद न हो, इसके लिए नई बिजली लाइनों का काम समय पर करना होगा। सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम ने बिजली योजनाओं की समीक्षा करते हुए बिजली लाइनों के नेटवर्क को समय पर तैयार किए जाने के निर्देश दिए। सचिवालय में हुई समीक्षा बैठक में सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम ने जल विद्युत निगम, पिटकुल और यूपीसीएल के इंजीनियरों के साथ बैठक की। जल विद्युत निगम की प्रस्तावित और निर्माणाधीन योजनाओं पर रिपोर्ट ली गई। पिटकुल और यूपीसीएल दोनों निगमों को साफ किया गया कि सभी जल विद्युत परियोजनाओं के निर्माण से पहले ही बिजली की लाइनें तैयार हो जाएं। ताकि एक भी दिन का बिजली उत्पादन बर्बाद न हो। सचिव ऊर्जा ने दो टूक कहा कि किसी भी सूरत में सुरिंगगाड़ और ब्रह्म प्रोजेक्ट जैसी विपरीत परिस्थितियां न खड़ी हो। इन दोनों प्रोजेक्ट के तैयार होने के बाद भी बिजली का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। कहीं सब स्टेशन का निर्माण नहीं हुआ, तो कहीं लाइन तैयार नहीं है। इसके कारण राज्य को अभी तक 25 करोड़ से अधिक का नुकसान हो चुका है। सचिव ने तीनों निगमों को आपस में समन्वय बनाते हुए काम करने के निर्देश दिए। पूरा प्लान जल्द तैयार किए जाने को कहा। बैठक में एमडी यूजेवीएनएल संदीप सिंघल, एमडी यूपीसीएल अनिल कुमार, एमडी पिटकुल पीसी ध्यानी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *