डिप्लोमा इंजीनियर 23 मई से धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे


देहरादून। डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ ने अपनी विभिन्न मांगों पर कार्रवाई न होने से नाराज होकर आंदोलन के दूसरे चरण का ऐलान कर दिया है। इसके तहत राज्य के सभी विभागों के डिप्लोमा इंजीनियर 23 मई से जिला मुख्यालयों पर धरना प्रदर्शन शुरू करेंगे। डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ के प्रांतीय अध्यक्ष एसएस चौहान ने बताया कि राज्य सरकार डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ की मांगों पर कोई अमल नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि वित्त मंत्री, मुख्य सचिव के स्तर पर आयोजित हुई बैठक के बावजूद किसी भी मांग पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि शासन के अफसरों को पूर्व में किए गए वादे याद दिलाने के लिए महासंघ ने आंदोलन के पहले चरण के तहत लोनिवि और सिंचाई मुख्यालय के बाहर 12 मई तक धरना प्रदर्शन किया। लेकिन इसके बाद भी किसी मांग पर कार्रवाई नहीं की गई है। इसे देखते हुए डिप्लोमा इंजीनियर महासंघ ने आंदोलन के दूसरे चरण का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि राज्य के डिप्लोमा इंजीनियर 23 मई को गढ़वाल मंडल के सभी जिला मुख्यालयों पर धरना और प्रदर्शन करेंगे। जबकि 24 मई को कुमांऊ मंडल के जिला मुख्यालयों पर धरना प्रर्दान आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 29 मई से 1 जून तक देहरादून में लोनिवि मुख्यालय और सिंचाई मुख्यालय पर क्रमिक अनशन शुरू किया जाएगा। जबकि दो जून को सचिवालय घेराव किया जाएगा। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई न होने पर अनिश्चित कालीन हड़ताल का ऐलान कर दिया जाएगा। चौहान ने बताया कि जब तक उनके प्रमोशन कोटा बढ़ाने जाने, तबादला एक्ट में संशोधन किए जाने, रिक्त पदों को भरे जाने, ग्रेड वेतन संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं होता उनका आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *