धीमे विकास कार्यों पर विधायक खजानदास ने जताई नाराजगी


देहरादून। राजपुर रोड विधायक खजानदास ने स्मार्ट सिटी के कार्यों की धीमी गति पर रोष जताया। अधिकारियों को काम में तेजी के निर्देश दिए। दून लाइब्रेरी में विधायक ने स्मार्ट सिटी, लोनिवि, यूपीसीएल, जल संस्थान, पीआईयू एवं निर्माण कार्यो से संबधित विभागों के साथ संयुक्त बैठक की। जल संस्थान अधिकारियों ने उनके स्तर पर मिली समस्याओं का निदान प्राथमिकता से करने का आश्वासन दिया। जल संस्थान स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत गांधी रोड फायर स्टेशन के पास निर्मित 1.26 करोड़ के नलकूप, घंटाघर के पास 64.62 लाख रुपये से निर्मित नलकूप का लोकार्पण शीघ्र करेगा। धामावाला, पल्टन बाजार, मच्छी बाजार, डिस्पेंसरी रोड़, मोती बाजार, टिप्पटाप वाली गली, चाटवाली गली, घोसी गली आदि इलाकों में पेयजल समस्या का समाधान होगा। स्मार्ट सिटी अधिकारियों ने पलटन बाजार में फसाड छज्जों के कार्यो को हर हाल में 30 मई तक पूर्ण करने का आश्वासन दिया। यूपीसीएल अधिकारियों ने सभी विद्युत लाइनों को भूमिगत कार्यो को जल्द पूरा करने का भरोसा दिया। खजानदास ने बताया कि शहर के विकास कार्यों पर मुख्यमंत्री खुद नजर रखे हुए हैं। हरिद्वार रोड में स्मार्ट सिटी द्वारा 204 करोड़ की लागत से बनाई गई ग्रीन बिल्डिंग के निर्माण कार्य के शिलान्यास, 13 करोड़ की लागत से दून लाइब्रेरी, परेड ग्राउंड के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी किया जाना है। बैठक में सीजीएम स्मार्टसिटी जगमोहन सिंह चौहान, ईई पीआईयू प्रवीन कुश, ईई जल संस्थान आशीष भट्ट, ईई यूपीसीएल गौरव सकलानी, विशाल गुप्ता, आंबेडकर मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, करनपुर मंडल अध्यक्ष राहुल लारा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *