पीआरडी जवानों को प्रमाणपत्र मिलने शुरू
पौड़ी।
युवा कल्याण विभाग द्वारा बीते फरवरी माह में जिले के 320 युवाओं को पीआरडी की ट्रेनिंग करवाई गई थी। लेकिन उन्हें प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र नहीं मिलने पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। जिस पर कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी ने जिला प्रशासन से जल्द ही इन पीआरडी जवानों को प्रमाणपत्र दिए जाने की मांग उठाई थी। गुरुवार से इन पीआरडी जवानों को प्रमाणपत्र मिलने शुरू हो गए है। पीआरडी जवान नरेश कुमार, सौरभ रावत, पवन कुमार, सुरेंद्र धामी, विकास रावत, मोहन सिंह ने बताया कि उन्होंने बीते फरवरी में युवा कल्याण विभाग से 15 दिन का प्रशिक्षण प्राप्त किया था और 31 अप्रैल से कुंभ में ड्यूटी भी की थी। लेकिन विभाग द्वारा प्रशिक्षण का प्रमाण पत्र नहीं मिलने से उन्हें दिक्कतें हो रही थी। बताया कि गुरुवार से विभाग द्वारा प्रमाणपत्र मिलने शुरू हो गए है। कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विनोद दनोशी ने बताया कि पीआरडी जवानों की समस्या को प्रमुखता के साथ उठाया गया था। साथ ही इस मामले में नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह ने भी निदेशालय से इस संबंध में वार्ता की थी।
