राष्ट्रीय जम्बूरी से लौटे स्काउट गाइड का स्वागत किया
हरिद्वार। राजस्थान के पाली में 4 से 10 जनवरी के बीच आयोजित 18वीं राष्ट्रीय जम्बूरी से लौटे शांतिकुंज जनपद के स्काउट गाइड के दल का बैंड धुन के साथ स्वागत किया गया। कंशीडन लीडर मंगल सिंह गढ़वाल के नेतृत्व में गायत्री विद्यापीठ एवं प्रशिक्षकों का 46 सदस्यीय दल जम्बूरी में प्रतिभाग करने गया था। लौटने के बाद यह दल अखिल विश्व गायत्री परिवार प्रमुख डॉ. प्रणव पण्ड्या एवं शैलदीदी से भेंट किया और बैंड में मिले प्रथम पुरस्कार को सौंपा। इस मौके पर डॉ. प्रणव पण्ड्या ने कहा कि गायत्री विद्यापीठ एवं शांतिकुंज में मिल रहा अवसर एवं वातावरण से यहां के नौनिहाल नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। स्काउट्स गाइड्स की गतिविधियों में शामिल होने वाले सेवाभावी आने वाले दिनों के धरोहर हैं, जो समाज व राष्ट्र की सेवा कर उसे आगे बढ़ाने का कार्य करेंगे। कंटीजन लीडर मंगल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय जम्बूरी में पूरे देश से 37 हजार से अधिक स्काउट गाइड ने भाग लिया। इस मौके पर नरेंद्र सिंह, विनय शर्मा, सोमेश्वर ताण्डी, गायत्री साहू, आराधना शर्मा आदि शामिल रहे।
