अच्छी खबर .. तीर्थनगरी ऋषिकेश को नहीं झेलना पड़ेगा बिजली का संकट


ऋषिकेश। ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र के लोगों के लिए अच्छी खबर है। भीषण गर्मी में बिजली की खपत बढ़ने पर बिजली संकट नहीं झेलना पड़ेगा। आपातकालीन स्थिति में चंबा 220 केवी विद्युत सब स्टेशन से सीधे ऋषिकेश के लिए पर्याप्त बिजली मिल सकेगी। यह संभव होगा वीरभद्र बिजली घर से तपोवन बिजली घर को जोड़ने वाली करीब 7.50 किलोमीटर लंबी नई 33 केवी विद्युत लाइन से। चारधाम यात्रा के प्रवेशद्वार तीर्थनगरी ऋषिकेश को प्रदेश सरकार ने विद्युत कटौती से मुक्त रखने की घोषणा की है। लेकिन गर्मी के मौसम में बिजली की खपत बढ़ने से कई बार ऊर्जा निगम को कटौती करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। साथ ही अधिक लोड बढ़ने से कई बार ग्रिड फेल होने की संभावना बनी रहती है। ग्रिड फेल होने पर कम से कम तीन से चार घंटे विद्युत आपूर्ति बाधित होती है। अच्छी खबर यह कि ऋषिकेश में अचानक ग्रिड फेल होने पर बिजली गुल नहीं होगी। आपातकालीन स्थिति में टिहरी जनपद के चंबा बिजली घर से बिजली ले सकेंगे। अधिशासी अभियंता शक्ति प्रसाद ने बताया कि वीरभद्र 220 केवी सब स्टेशन को टिहरी जनपद के तपोवन बिजली घर से जोड़ने के लिए 33 केवी नई विद्युत लाइन का निर्माण किया जाना है। करीब 5 करोड़ की इस योजना की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। मार्च के पहले सप्ताह से करीब 7.50 किलोमीटर लंबी विद्युत लाइन का कार्य शुरू हो जाएगा। बताया कि इस नई लाइन के बनने के बाद ऋषिकेश बिजली घर चंबा से जुड़ जाएगा। दरअसल तपोवन बिजली घर पहले से ही चंबा से जुड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *