पुलिस ने छात्र-छात्राओं को दी कानूनी जानकारियां
ऋषिकेश। ऋषिकेश पुलिस ने श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें पुलिस अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को उनके अधिकार, यातायात नियम, नशे से दूर रहने और साइबर क्राइम से बचने के लिए जागरूक किया। साथ ही छात्राओं को शक्ति एप की जानकारी दी गई। शनिवार को श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। कार्यक्रम में प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश खुशीराम पांडेय ने छात्र छात्राओं को उनके अधिकारों और नशे से दूर रहने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा मनुष्य को बर्बादी के रास्ते पर ले जाता है। युवाओं को नशे से दूर रहना चाहिए। साइबर क्राइम की जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी के इस दौर में साबर क्राइम बड़ी तेजी से बढ़ रहे हैं। साइबर क्राइम इस आधुनिक दौर की उपज है। अनावश्यक रूप से मोबाइल पर आने वाले किसी भी लिंक को नहीं छूना चाहिए। फोन पर किसी भी प्रकार की जानकारी अन्य व्यक्ति से साझा नहीं करनी चाहिए। उन्होंने यातयात नियम, गौर शक्ति एप आदि की जानकारी भी दी। मौके पर उप निरीक्षक हेमलता, उपनिरीक्षक सोनल पुरी, रेखा राणा, प्रधानाचार्य मेजर गोविंद सिंह रावत, यमुना प्रसाद त्रिपाठी, लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, जितेंद्र बिष्ट, रंजन अंथवाल, नीलम जोशी, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, प्रवीण रावत आदि उपस्थित रहे।
