भाकिमो ने किया बजट पर चर्चा हेतु किसान चौपाल का आयोजन
ऋषिकेश। भाजपा किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बजट पर चर्चा के लिए किसान चौपाल लगाई। इसमें वक्ताओं ने किसानों को बजट 2023 में किसान और कृषि के लिए रखी गई योजनाओं की जानकारी दी। शनिवार को श्यामपुर में भाजपा किसान मोर्चा ऋषिकेश जिला के कार्यकर्ताओं ने बजट पर चर्चा के लिए किसान चौपाल का आयोजन किया। जिलाध्यक्ष नरेंद्र रावत ने कहा कि बजट 2023 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों के कल्याण के लिए प्रावधान किए हैं। किसान व कृषि को आधुनिक प्राकृतिक और डिजिटल बनाने के लिए बजट में हजारों करोड़ रुपये का बजट रखा गया है। जिला प्रभारी अंजु देवी ने कहा कि किसानों के लिए बजट में अनेक योजनाएं घोषित की गई हैं। आधुनिक टेक्नोलॉजी द्वारा कृषि को बढ़ावा देने के लिए 600 करोड़ का बजट, किसान सम्मान निधि के लिए 70 हजार करोड़, पशुपालन और मछली पालन के लिए कृषि ऋण का लक्ष्य 20 लाख करोड़ किया गया है। इसके अलावा कृषि और किसानों को प्रोत्साहन देने के लिए कई योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। मौके पर जिला मंत्री अविनाश सेमल्टी, मंडल अध्यक्ष यशवंत रावत, बालम सिंह रावत, गोविंद सिंह मेहर, रेखा सजवाण, सरिता बिष्ट, विनिता बिष्ट, रमेश कंडारी, हुकुम रांगड़, अभिषेक भट्ट, अमित कंडवाल, शशि राणा, राजीव भंडारी, विजय सिंह बिष्ट आदि रहे।
