थाना गागालहेडी पुलिस व क्राइम ब्रांच ने किया चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर

थाना गागलहेड़ी पुलिस व क्राइम ब्रांच ने दो शातिर चोरों को दबोचकर मोबाइल व कपडेघ् की दुकान में हुई चोरी का खुलासा करने में सफलता हासिल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लाखों रूपए के मोबाइल फोन, चार्जर, साड़ी व अवैध असलाह बरामद कर आरोपियों के खिलाफ वांछित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार ने पुलिस लाईन स्थित सभागार में पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि विगत 3 मार्च की रात्रि कस्बा गागलहेड़ी स्थित पेट्रोल पम्प के सामने कपड़े की दुकान में चोरी होने के सम्बंध में दुकान स्वामी तनवीर पुत्र जरीफ अहमद निवासी सैयद माजरा थाना गागलहेड़ी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया था। जबकि थाना गागलहेड़ी क्षेत्रांतर्गत गांव खजूरी अकबरपुर निवासी अमरीश यादव पुत्र धर्मपाल यादव ने कस्बा गागलहेड़ी स्थित यादव मार्किट स्थित अपनी मोबाइल की दुकान में 26 अप्रैल को चोरी होने के सम्बंध में मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि आज थाना गागलहेड़ी पुलिस व क्राइम ब्रांच ने मुखबिर की सूचना पर गांव रूपड़ी के मंडी तिराहा के पास से दो शातिर चोरों अंकित पुत्र शैलचंद व सचिन कुमार पुत्र राजेंद्र निवासीगण रूपड़ी जुनारदार थाना नागल को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाखों रूपए कीमत के 56 मोबाइल फोन, 28 चार्जर,ईयर लीड, डाटा केबल, पांच साड़ियां, दो तमंचे 315 बोर व 3 जिंदा कारतूस बरामद कर लिए। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी अंकित ने बताया कि वह लगभग एक-डेढ़ माह पूर्व यादव मार्किट में अमरीश मोबाइल कम्यूनिकेशन पर अपना मोबाइल ठीक कराने आया था। इसके बाद उसने अपने साथी सचिन पुत्र राजेंद्र व आकाश पुत्र प्रवीण उर्फ बल्लू से मोबाइल की दुकान में चोरी करने की बात कही तथा बताया कि लाखों रूपए का सामान मिलेगा। और किसी को पता भी नहीं चलेगा। इसके बाद हमने शनिवार रात्रि चोरी का कार्यक्रम बनाया क्योंकि उस दौरान दो दिन लॉकडाउन लगा था। इस कारण घटना को अंजाम दिया गया। इसके अलावा हम लोगों ने लगभग ढाई माह पूर्व कस्बा गागलहेड़ी में पेट्रोल पम्प के पास कपड़े की दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया था। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों का चालान काटकर जेल भेज दिया। जबकि उनके तीसरे साथी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि एसएसपी डा. एस. चन्नपा ने आरोपियों को दबोचने वाली टीम में शामिल थाना प्रभारी सतेंद्र राय, उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार, गम्भीर सिंह, सुबोध कुमार, स्वाट टीम प्रभारी जयवीर सिंह, अभिसूचना विंग प्रभारी अजय प्रसाद गौड, सर्विलांस सैल प्रभारी अजब सिंह, हेड कांस्टेबल उत्तम राठी व अनुज सिरोही की टीम को 15 हजार रूपए का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *