कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने पार्टी से दिया इस्तीफा

रुड़की। जिला पंचायत सदस्य का टिकट कटने से नाराज कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष ने पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने पैसे लेकर बाहरी व्यक्ति को टिकट बेचा है। उन्होंने अपने समर्थकों से सलाह लेने के बाद निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात भी कही। लक्सर के खड़ंजा कुतुबपुर निवासी सुरेंद्र शर्मा कांग्रेस में जिला उपाध्यक्ष थे। वे कई साल से खड़ंजा कुतुबपुर जिला पंचायत सीट पर चुनाव लड़ने की तैयारी में थे। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस के टिकट का आवेदन भी पार्टी आलाकमान को दिया था। परंतु पार्टी ने टिकट किसी अन्य को दे दिया। इससे नाराज सुरेंद्र शर्मा ने बुधवार को पार्टी से त्यागपत्र दे दिया। पार्टी ने उनको दरकिनार कर ऐसे व्यक्ति को टिकट दिया है, जो पिछली बार बसपा से चुनाव लड़े थे। बसपा से बाहर होने के बाद केवल टिकट पाने की मंशा से कांग्रेस में आए थे। जबकि वह शुरू से कांग्रेसी हैं। बताया कि वे पिछले ढाई दशक से कांग्रेस में हैं। पार्टी के हर कार्यक्रम में उन्होंने सहयोग दिया है। उनसे पहले उनके पिता भी 40 साल तक कांग्रेस में रहे हैं। उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि कांग्रेस के कुछ नेताओं ने पैसे लेकर टिकट दिया है। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर नामांकन खरीद लिया है। कहा कि चुनाव लड़ने या न लड़ने का निर्णय वह अपने समर्थकों से बातचीत के बाद लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *