नशा मुक्ति अभियान के तहत पुलिस ने ली शपथ

ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश को नशा मुक्त बनाने के लिए कोतवाली पुलिस ने शपथ ली। मंगलवार को आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस क्षेत्राधिकारी डीसी ढौंडियाल ने शपथ दिलाई। उधर, रायवाला और लालतप्पड़ में भी पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत शपथ ली। पुलिस क्षेत्राधिकारी ढौंडियाल ने मंगलवार को कोतवाली परिसर में पुलिस कर्मियों को शपथ दिलाते हुए कहा कि नशा युवा पीढ़ी का जीवन खत्म कर रहा है। लिहाजा नशे के खिलाफ हम सभी को मिलकर लड़ने की जरूरत है। इस दौरान कोतवाल रवि सैनी, एसएसआई डीपी काला, उपनिरीक्षक शिव प्रसाद डबराल, महिला उपनिरीक्षक मीनू यादव, नमिता सैनी, कांस्टेबल राधे आदि मौजूद रहे। उधर, रायवाला थाना पुलिस ने भागीरथी विद्यालय हरिपुरकला में 300 छात्र-छात्राओं को शपथ दिलाई। थानाध्यक्ष भुवनचंद्र पुजारी ने बताया कि स्कूली छात्रों को नशे के दुष्प्रभाव के बारे में विस्तार से बताया था। साथ ही नशे के लिए सिगरेट, ड्रग्स, शराब, नशे के इंजेक्शन लेने वाले और बेचने वाले लोगों की सूचना पुलिस को देने की अपील की। कहा कि सूचना देने वाले का नाम पुलिस गोपनीय रखेगी। जबकि लालतप्पड़ चौकी प्रभारी विकेंद्र कुमार ने भी पुलिस जवानों को शपथ दिलाई। उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस लगातार अभियान चला रही है। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने को जागरूक करने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *