छोटी मंडी को वेंडिंग जोन घोषित करे प्रशासन

ऋषिकेश। फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेता समिति ने जीवनी माई मार्ग स्थित छोटी मंडी को वेंडिंग जोन घोषित करने की मांग उठाई है। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंप मंडी स्थल पर शौचालय, पेयजल, पार्किंग, पथ प्रकाश आदि व्यवस्थाओं की मांग की। मंगलवार को फुटकर फल एवं सब्जी विक्रेता समिति के सदस्यों ने तहसील में एसडीएम को ज्ञापन दिया। समिति सचिव प्रवीण अग्रवाल ने कहा कि जीवनी माई मार्ग पर फुटकर फल एवं सब्जी मंडी कई दशकों से स्थित है। लेकिन आज तक यहां पर ग्राहकों, महिलाओं एवं वेंडरों के लिये सुविधा नगर निगम प्रशासन द्वारा उपलब्ध नहीं करायी गयी है। जबकि समिति विगत कई वर्षों से नगर निगम प्रशासन से मांग करती चली आ रही है कि छोटी सब्जी मण्डी में जनसुविधा के लिए शौचालय निर्माण, पीने के पानी की व्यवस्था, पथ प्रकाश की समुचित व्यवस्था एवं मंडी में आने वाले ग्राहकों को वाहन खड़ा करने के लिये पार्किंग तथा उक्त मंडी को उत्तराखंड ठेली व्यवसाय नियमावली के तहत वेंडिंग जोन घोषित किया जाए। लेकिन नगर निगम प्रशासन कोई कार्यवाही नहीं कर रहा है। मौके पर समिति अध्यक्ष राजू गुप्ता, सोनू गुप्ता, सूरज, अनूप गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *