पर्यटकों की संख्या बढ़ने से गंगाघाटी हुई गुलजार

ऋषिकेश। ऋषिनगरी में गंगाघाटी फिर से सैलानियों से गुलजार हो गई है। मुनिकीरेती, तपोवन और लक्ष्मणझूला में पर्यटकों की तादाद बढ़ गई है। आने वाले दिनों में और अधिक पर्यटकों के आने की संभावना जताई जा रही है। सिंतबर माह शुरू हो गया है। बारिश की रफ्तार भी कम हो गई है। लिहाजा दिल्ली, एनसीआर समेत अन्य राज्यों से पर्यटक यहां पर सैर-सपाटे के लिये पहुंचने लगे है। मुनिकीरेती, तपोवन और लक्ष्मणझूला क्षेत्र के मंदिरों में लोगों की भीड़ देखने लायक है। वहीं गंगा के जलस्तर में भी कमी आनी शुरू हो गई है। इससे गंगा तट पर भी पर्यटकों की चहलकदमी देखी जा रही है। खासकर सुबह-शाम के वक्त लोग गंगा तट पर घूमना पंसद कर रहे हैं। वहीं इन क्षेत्रों की दुकानों में भी ग्राहकों की अच्छी भीड़ दिखाई देने लगी है। इससे स्थानीय दुकानदार भी खुश नजर आ रहे हैं। स्थानीय दुकानदार नारायण सिंह रावत, जितेंद्र धाकड़ ने बताया कि बारिश के कारण जुलाई और अगस्त में पर्यटकों की संख्या काफी घट गई थी। गंगा का जलस्तर सामान्य होने के बाद राफ्टिंग भी जल्द शुरू होगी। 15 सिंतबर के बाद पर्यटकों की संख्या और अधिक इजाफा होगा। यह पर्यटन के लिए अच्छा रहेगा। वहीं पर्यटन अधिकारी टिहरी अतुल भंडारी ने कहा कि पर्यटकों की संख्या बढ़ रही है। आने वाले दिनों में पर्यटकों की तादाद में तेजी से इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *