डीएम ने रेल लाइन परियोजना के कामों में तेजी लाने के निर्देश दिए

नई टिहरी। डीएम डा सौरभ गहरवार ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग नई बीजी रेल लाइन परियोजना कार्यों की समीक्षा बैठक ली। डीएम ने परियोजना के संबंध में जानकारी लेने के बाद सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिये कि जो कार्य पूर्ण हो चुके हैं, उनकी यूसी के साथ ही एमबी की कापी भी उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में डीएम ने मुख्य सहायक एसएलएओ को निर्देशित किया कि परियोजना के तहत टेण्डर डाक्यूमेंट के आधार पर जारी किये वर्क आर्डर की प्रति एक सप्ताह के अन्दर सभी संबंधितों से प्राप्त करवाना सुनिश्चित करें। एनएच सड़क निर्माण एवं आपदा से क्षतिग्रस्त भरपूर पम्पिंग पेयजल योजना के संबंध में संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिये। डीएम ने ग्रामीण निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि बागेश्वर मंदिर से बागेश्वर गांव तक सीसी मार्ग तथा चतुर्थ भागेश्वर में एनएच रोड़ से श्मशान घाट तक सीसी मार्ग के लम्बित कार्यों के टेण्डर काल कर सोमवार तक रिपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ ही 15 दिन में वर्कआर्डर जारी कर 30 सितम्बर तक कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित करें।
अगर सोमवार तक टेण्डर काल की रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई जाती है, तो सम्बंधित के वेतन रोका जाय। घाट गदान से कंदारसैन कौड़ियाला तक के अधूरे कार्यों को भी 30 सितम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। मलेथा में टनल-10 से निकलने वाले कूड़े के ढेर के लिए अतिरिक्त भूमि की आवश्यकता, डंपिंग यार्ड, अटाली गांव, रानीहाट, मलेथा, नैथाणा के भूमि मुआवजा संबंधी प्रकरणों पर चर्चा की। आरवीएनल के अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि मुआवजा के प्रकरणों की सूची उपलब्ध कराने के साथ ही आवेदन पत्र प्राप्त कर उपलब्ध करायें। मुख्य सहायक एसएलएओ को निर्देश दिये गये कि आवेदन पत्र प्राप्त होते ही दूसरे दिन तहसील से मंगा लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *