परचून की दुकान में शराब बेचने पर भड़के क्षेत्रवासी

ऋषिकेश।  ऋषिकेश में एम्स पुलिस चौकी के क्षेत्र में शिवाजीनगर में परचून की दुकान की आड़ में शराब की अवैध बिक्री के खिलाफ स्थानीय लोग भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने संबंधित दुकानदार को खरी-खोटी सुनाते हुए अवैध शराब की बिक्री बंद करने और मकान मालिक को दुकान खाली कराने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी है। चेताया कि दुकान खाली नहीं कराई गई तो वह दुकानदार और दुकान मालिक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराएंगे। स्थानीय लोगों के मुताबिक ऋषिकेश कोतवाली की एम्स पुलिस चौकी के क्षेत्र में गली नंबर 25 में पिछले लंबे समय से एक व्यक्ति परचून की दुकान की आड़ में शराब की अवैध बिक्री में लगा है। इसकी भनक लगने के बाद कई बार लोगों ने संबंधित व्यक्ति को शराब की अवैध बिक्री बंद करने के लिए कहा। लेकिन, वह बाज नहीं आया। क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री से माहौल बिगड़ने पर स्थानीय लोगों का पारा चढ़ गया। रविवार को लोगों ने दुकान के बाहर हंगामा किया। सूचना पाकर स्थानीय पार्षद जयेश राणा पहुंचे। उन्होंने दुकान मालिक को मौके पर बुलाया। दुकानदार को अवैध शराब की बिक्री रोकने और दुकान मालिक को दुकान खाली करवाने की हिदायत दी। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *