मार्ग क्षतिग्रस्त, राहगीर परेशान, ग्रामीणों में आक्रोश
सीतापुर
क्षेत्र के अंतर्गत कटरा से हथिया डामरीकृत मार्ग खस्ताहाल हो गया है। गिट्टी उखड़ कर रोड गड्ढों में तब्दील हो गई है। इस मार्ग से साइकिल से कटरा विद्यालय आने वाले छात्र कई बार चोटिल हो चुके हैं। ग्रामीणों की शिकायत के बाद भी विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। सीतापुर-बिसवां मार्ग से निकला कटरा हथिया मार्ग काफी जर्जर हो गया है। जिससे मार्ग पर चलना किसी जोखिम से कम नहीं है। हथिया, गेंदपुरवा, सकतापुर, विक्रमपुर, धिमौरा सहित दर्जनों गांवों के ग्रामीण इस मार्ग से सीतापुर व बिसवां को जाते हैं। किसान भी इसी मार्ग से अपनी फसलों को मंडी में बेचने जाते हैं। जिससे उनको काफी दिक्कत होती है। कटरा चैराहा पर सप्ताह में सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को तीन दिन साप्ताहिक बाजारें लगती है। जिससे उक्त गांवों के ग्रामीण अपनी घर गृहस्थी की जरूरतों की खरीदारी करते हैं। मार्ग टूटा होने से उन्हें काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है। जूनियर हाई स्कूल कटरा में पढने वाले बच्चे इस रोड़ पर कई बार गिरकर घायल हो चुके हैं। भूरे लाल, देशराज यादव आदि दुकानदारों का कहना है कि उनकी दुकाने कटरा चैराहे पर हैं। देर रात दुकान बंद कर अंधेरे में इस मार्ग पर चलना जोखिम का काम है। बड़े बड़े गड्ढे में कब वाहन पलट जाए कहा नहीं जा सकता है। रामकुमार, राजाराम, शिवकुमार, रामपाल सहित तमाम ग्रामीणों ने मार्ग मरम्मत की मांग की है।
