मुफ्त में किया जाए कोरोना का उपचार: भाकियू

विकासनगर

भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने कोरोना संक्रमण के बीच परेशान आम जनता और संक्रमितों की ओर राष्ट्रपति का ध्यान खींचा है। उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से कोरोना काल में जरूरतमंद तक हर संभव मदद पहुंचाने के साथ सरकारी और निजी अस्पतालों में कोरोना का उपचार मुफ्त कराने की मांग की है। बुधवार सुबह यूनियन पदाधिकारियों ने तहसील प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। इसमें उन्होंने बताया कि कोरोना काल में आम जनता के सामने दो वक्त की रोटी का संकट खड़ा हो गया है। लोग बेरोजगार हो रहे हैं। बाजार में छोटे काम काज ठप हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त कोरोना संक्रमण की गिरफ्त में आने वाले लोगों को अस्पताल लूट खसोट रहे हैं। अस्पतालों की मनमानी के चलते गरीब लोग दम तोड़ रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति से आम जनता और जरूरतमंदों के हक में निजी और सरकारी अस्पतालों में कोरोना मरीजों को निशुल्क उपचार, बाजार में चल रही कालाबाजारी रोकने और जरूरतमंदों तक हर संभव मदद पहुंचाने का अनुरोध किया। साथ ही, आम जनता के हक में जल्द सुनवाई न होने पर कोरोना गाइडलाइन के साथ सरकार के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी भी दी है। ज्ञापन भेजने वालों जगवीर शर्मा, केके गौतम, नेक मोहम्मद, मोनू आदि शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *