पति-पत्नी पर दो लाख रुपये हड़पने का आरोप

 

विकासनगर। थाना क्षेत्र अंतर्गत सेलाकुई निवासी एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी और उसकी पत्नी पर कर्ज लेकर दो लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। कहा कि आरोपी अब उसके रुपये वापस लौटाने के बजाय उसके साथ गाली गलौज और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। थाना पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ अमानत में खयानत, गाली गलौज और जान से मारने की धमकी का मुकदमा दर्ज किया है। राकेश कुमार गंगसारी पुत्र जीडी गंगसारी निवासी थापा मार्ग प्रगति विहार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पड़ोस में अरुण प्रकाश भट्ट और उसकी पत्नी कल्पेश्वरी निवासी प्रगति विहार में रहते हैं। बताया कि दोनों परिवारों के लंबे समय से अच्छे संबंध बने थे। दुख-सुख में एक-दूसरे का साथ देते रहे हैं। बताया कि ग्यारह नवंबर 2022 को अरुण प्रकाश भट्ट और उनकी पत्नी कल्पेश्वरी देवी उसके घर पर आए। कहा कि उनको दो लाख रुपये की आवश्यकता है। उन्हें एक माह के लिए उधार दें। जिस पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत होने और पुराने संबंधों को मद्देनजर उन्होंने कल्पेश्वरी देवी के नाम पर दो लाख रुपये का चेक दिया। चेक को अरुण प्रकाश भट्ट और उसकी पत्नी ने उसी दिन बैंक में जमा कर दो लाख रुपये प्राप्त कर दिए। लेकिन एक माह का समय बीत जाने के बाद जब अरुण प्रकाश व उनकी पत्नी ने रुपये नहीं लौटाए तो उन्होंने उनसे रुपये लौटाने को कहा। लेकिन आरोपियों ने रुपये वापस लौटाने से इनकार कर दिया। कहा कि जब उन्होंने मकान बेचा था तब उसकी मदद मकान बिकवाने में की थी। तब विक्रय पत्र में वह गवाह भी बना था। इसलिए वह उसके दो लाख रुपये वापस नहीं लौटाएगा। बताया कि जब दोबारा उसने अरुण प्रकाश भट्ट से रुपये वापस मांगे तो उसने उसे जान से मारने की धमकी देकर गाली गलौज की। थानाध्यक्ष मोहनसिंह ने बताया कि आरोपी पति-पत्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच एसआई मुकेश नेगी को सौंप दी गयी है। जिन्होने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *